मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दी इगास पर्व की बधाई, बोले- लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

0
cm-dhami

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दी इगास पर्व की बधाई, बोले- लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को उत्तराखण्ड के पारंपरिक लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इगास पर्व उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक आस्था और पारंपरिक विरासत का प्रतीक है। हमारी लोक परंपराएं और त्योहार प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन को नई ऊर्जा मिल रही है। उत्तराखण्ड में भी इगास पर्व को लेकर लोगों में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने इगास पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की व्यवस्था की है, ताकि प्रदेशवासी अपने परिवारों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार इस पर्व को मना सकें और अपने पैतृक गांवों से जुड़े रह सकें। सार्वजनिक अवकाश की व्यवस्था से लोगों को गांव लौटकर अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी से विशेष रूप से अपील की कि वे अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं और पारंपरिक त्योहारों के महत्व को समझें तथा इन्हें आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डवासियों से भी अपील की कि वे इगास पर्व को अपने पैतृक गांवों में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाएं और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि इगास जैसे लोकपर्व हमारी सामाजिक एकजुटता, पारिवारिक संबंधों और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed