जल संस्थान सहकारी समिति के सदस्यों को अप्रैल 2027 से मिलेगा 10 लाख रुपये तक का ऋण, उपनल कर्मचारियों को भी मिलेगी सदस्यता
जल संस्थान सहकारी समिति के सदस्यों को अप्रैल 2027 से मिलेगा 10 लाख रुपये तक का ऋण, उपनल कर्मचारियों को भी मिलेगी सदस्यता
देहरादून। उत्तराखंड जल संस्थान को-ऑपरेटिव सोसायटी ने अपने सदस्यों और कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सोसायटी की पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के तहत 25 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्तावों पर सहमति बनी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड जल संस्थान के जो कर्मचारी पहले से को-ऑपरेटिव सोसायटी के सदस्य हैं, उन्हें अप्रैल 2027 से ऋण सीमा में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। वर्तमान में 8 लाख रुपये की ऋण सीमा को बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है।
इसके अलावा कर्मचारियों द्वारा सोसायटी से लिए जाने वाले ऋण को इंश्योर्ड कराने के संबंध में भी महत्वपूर्ण सहमति बनी। इसके लिए पॉलिसी कंपनियों से विचार-विमर्श करने के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में उपनल कर्मचारियों को लेकर भी बड़ा फैसला किया गया। समान कार्य-समान वेतन का लाभ प्राप्त कर रहे उपनल कर्मचारियों को अप्रैल 2027 से चरणबद्ध तरीके से सोसायटी का सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया। इससे संबंधित कर्मचारियों को भी भविष्य में सोसायटी की सुविधाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
बैठक की अध्यक्षता सोसायटी के अध्यक्ष नन्दलाल जोशी ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष विमल भण्डारी, सचिव रामनाथ गर्ग सहित सोसायटी के सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए इन निर्णयों को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

