पौड़ी जिले के इस शहर में भी नमामि गंगे परियोजना, 135 करोड़ की परियोजना को हरी झंडी
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का उत्तराखण्ड राज्य को नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा नदी जल प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगभग 135 करोड़ रूपए की सैद्धान्तिक स्वीकृति के लिए आभार व्यक्त किया है। स्वीकृत परियोजना में उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल क्षेत्र के कोटद्वार शहर में बहने वाली खोह नदी में गिरने वाले 09 नालों को टैप करने एवं 21 एम.एल.डी. सीवेज शोधन संयंत्र के निर्माण की स्वीकृति हेतु सहमति प्रदान की गई है।
खोह नदी कोटद्वार नगर से बहते हुये रामगंगा नदी में मिलती है, जो कि गंगा नदी की प्रमुख सहायक नदी है। परियोजना के निर्माण से खोह एवं रामगंगा नदी के पारिस्थितिकी तंत्र में तो सुधार होगा ही साथ ही साथ गंगा नदी में दूषित जल का प्रवाह भी रूकेगा।