शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव : ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण
शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव : ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण
चंबा। शिक्षक दिवस के अवसर पर चंबा ब्लॉक में उत्कृष्ट शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव उसके विद्यालयों में रखी जाती है। इस नींव को मजबूत बनाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक ही बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा दिखाते हैं और समाज व राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
ब्लॉक प्रमुख ने शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और निष्ठा से कार्य करने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।

