वंदे मातरम कैंप 2026-27 का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समापन

0
FB_IMG_1791341354227

वंदे मातरम कैंप 2026-27 का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समापन

देहरादून। मेरा युवा भारत, उत्तराखंड की ओर से देहरादून में आयोजित वंदे मातरम कैंप 2026-27 का विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, व्यक्तित्व विकास सत्र और प्रतिभागियों के सम्मान के साथ समापन हुआ। कैंप के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों ने युवाओं को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और युवा सहभागिता से जोड़ने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों के लिए प्रातःकालीन मेडिटेशन सत्र से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कम्युनिकेशन स्किल्स एवं पर्सनैलिटी डेवलपमेंट विषय पर विशेष सत्र लिया। उन्होंने युवाओं के व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद और स्वयं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने के महत्व पर प्रतिभागियों से संवाद किया।

कैंप के दौरान विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। केरल, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और राजस्थान के प्रतिभागियों ने अपने-अपने राज्यों की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और एकता का संदेश देखने को मिला।

सामूहिक प्रस्तुतियों के बाद प्रतिभागियों ने एकल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। केरल की पारंपरिक कलरिपयट्टू तथा राजस्थान की रागिनी सहित विभिन्न राज्यों की कला और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों ने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बनाया। प्रस्तुतियों ने युवाओं के बीच सांस्कृतिक समझ, आपसी सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया।

समापन अवसर पर कैंप में सफलतापूर्वक सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. गोविंद सिंह के साथ मेरा युवा भारत, उत्तराखंड के राज्य निदेशक राहुल नडबराल तथा उप निदेशक अविनाश सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *