पेयजल निगम(खेल) के निर्माणाधीन गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का डीएम ने किया निरीक्षण
पेयजल निगम(खेल) के निर्माणाधीन गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का डीएम ने किया निरीक्षण
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खेल एवं महिला सशक्तिकरण की प्राथमिकताओं के अनुरूप चंपावत के छमानिया में निर्माणाधीन भव्य गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण कार्यों की जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। करीब 256 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा निभाई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना के तहत निर्माणाधीन विभिन्न खेल मैदानों, भवनों एवं अन्य ढांचागत कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पेयजल निगम के अभियंताओं एवं संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
पेयजल निगम के जेई ने जिलाधिकारी को बताया कि कॉलेज परिसर में फुटबॉल ग्राउंड, हॉकी ग्राउंड और वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इन तीनों खेल मैदानों को आगामी दिसंबर माह तक पूर्ण रूप से तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा परिसर में हॉस्टल, प्रशासनिक ब्लॉक, बहुउद्देशीय हॉल, आवासीय क्वार्टर तथा स्पेक्टेटर स्टैंड के निर्माण कार्य भी लगातार प्रगति पर हैं।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी पहलुओं की भी जांच की। उन्होंने पेयजल निगम के अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज राज्य की बालिका खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद यहां बालिकाओं को आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह संस्थान चंपावत ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की उभरती महिला खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों को जल्द से जल्द इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान पेयजल निगम के संबंधित अधिकारी, अभियंता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

