उत्तराखंड

उत्तराखंड के बाद अब हिमाचल में भी चलेगा सीएम धामी का जादू

देहरादून।हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में उत्तराखंड से महज सीएम पुष्कर सिंह धामी को शामिल किया गया है। केंद्रीय नेतृत्व का विश्वास जीत रहे धामी की इस धमक से उनका राजनीतिक कद और अधिक बढ़ गया है। इस सूची के जारी होने के बाद सीएम धामी को लेकर लगाए जा रहे उन सभी कयासों को विराम लग गया है जिनमें कहा जा रहा था कि प्रदेश भाजपा में चल रही आंतरिक खींचतान के कारण केंद्र में सीएम धामी की छवि प्रभावित हुई है। इसके उलट केंद्रीय नेतृत्व की नजरों में धामी खरे उतरे हैं और पहाड़ के नक्षत्र में चमकते ध्रुव से नजर आ रहे हैं।

हिमाचल विधान सभा चुनाव-2022 के लिए भाजपा हाईकमान ने चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। उत्तराखंड से सिर्फ मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को इस सूची में जगह मिल पाई है। हिमाचल विधानसभा के लिए 12 नवंबर को मतदान है। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने 40 स्टार प्रचारक घोषित किए हैं। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े नाम किए गए हैं।

उत्तराखंड से सटा होने की वजह से माना जा रहा था कि भाजपा हाईकमान सांसदों, पूर्व मुख्यमंत्रियों और कैबिनेट मंत्रियों को भी हिमाचल चुनाव प्रचार में झोकेगी। लेकिन उत्तराखंड से सिर्फ सीएम धामी को ही जगह दी है। इससे साफ है हाईकमान के समक्ष धामी का कद लगातार बढ़ता जा रहा है। धामी दिवाली के बाद अपने हिमाचल विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए अपने कार्यक्रम तय कर सकते हैं। पार्टी हाईकमान ने उत्तराखंड भाजपा को पांच जिले सिरमौर, सोलन, शिमला, महासू और किन्नोर की जिम्मेदारी दी है। इन जिलों में कुल 19 विधानसभा सीटें हैं। पिछले चुनाव में इन 19 सीटों में से भाजपा के खाते में सिर्फ सात सीटें आ पाई थी जबकि 12 कांग्रेस और एक सीपीआई को मिली थी।

विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए मुख्यमंत्री उत्तराखंड की सीमा से सटे इलाकों में प्रचार के लिए जाएंगे और उनकी कुछ विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाएं कराई जाएंगी। उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक, दीपावली के बाद संगठन के स्तर पर भी पार्टी पड़ोसी राज्य में भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव प्रबंधन और प्रचार के लिए कार्यकर्ताओं को भेजेगी। पदाधिकारियों की एक टीम पहले ही हिमाचल की करीब 19 विधानसभा सीटों पर मोर्चा संभाल रही है। जैसे-जैसे चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा, पार्टी पदाधिकारियों की टीमों को वहां भेजा जाएगा।

30 कार्यकर्ता लगें हैं चुनावी प्रबंधन पर

भाजपा उत्तराखंड के 30 कार्यकर्ताओं को हिप्र के 19 विधानसभा सीटों पर चुनावी प्रबंधन के लिए लगाया गया है। 12 अगस्त से इन्होंने वहां मोर्चा संभाल लिया था। प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी को संयोजक और वरिष्ठ नेता दान सिंह रावत को सह संयोजक बनाया है। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार इसकी मानिटरिंग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *