देहरादून में एलपीजी की कालाबाजारी! 32 गैस सिलेडरों के साथ आरोपी गिरफ्तार
देहरादून में एलपीजी की कालाबाजारी! 32 गैस सिलेडरों के साथ आरोपी गिरफ्तार
देहरादून।जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर क्यूआरटी टीम द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निरंजनपुर सब्जी मंडी के पास सिद्ध पीठ प्राचीन मंदिर के निकट एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान मौके से 27 घरेलू, 4 छोटे और 1 व्यावसायिक गैस सिलेंडर समेत कुल 32 सिलेंडर बरामद किए गए। इसके साथ ही गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। वहीं मौके पर खड़ा एक वाहन (संख्या UP17BT0390), जिसमें 327 गैस सिलेंडर लदे हुए थे, को भी प्रशासन ने कब्जे में ले लिया। छापेमारी के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जांच में सामने आया कि यह वाहन लोनी स्थित बॉटलिंग प्लांट से करीब 360 सिलेंडर लेकर निकला था। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
यह गतिविधि आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन होने के साथ ही जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। मामले में थाना पटेल नगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में गैस की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

