उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संघ ने मंगलवार से दी धरने की चेतावनी
सेवा में,
मुख्य महाप्रबन्धक
उत्तराखण्ड जल संस्थान जल भवन, बी० ब्लॉक
नेहरू कालोनी, देहरादून।
विषय: उत्तराखण्ड जल संस्थान के कर्मचारियों की न्यायोचित मांगो के निराकरण के सम्बन्ध में।
महोदय,
उपरोक्त विषयक अवगत कराना है कि उत्तराखण्ड जल संस्थान के कर्मचारियों की समस्याओं के सम्बन्ध में उत्तराखण्ड जल संस्थान कर्मचारी संघ, उत्तराखण्ड प्रदेश के समस्त प्रदेश / मण्डलीय / शाखा स्तरीय पदाधिकारियों/ कार्य समिति सदस्यों/आम सदस्यों की दिनांक 16.10.2025 दिन, को दोपहर 11:30 बजे जल संस्थान मुख्यालय, जल भवन, बी-ब्लॉक, नेहरू कॉलोनी, देहरादून में आमसभा आयोजित की गयी थी। कर्मचारी संघ की समस्याओं के सम्बन्ध में पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार आपके कार्यालय कक्ष में वार्ता सुनिश्चित हुई थी, किन्तु आपके द्वारा कर्मचारियों की न्यायोचित समस्याओं का निराकरण न करते हुये कर्मचारियों के नियम विरूद्ध स्थानान्तरण पर ज्यादा जोर दिया गया तथा अपनी हठधर्मिता के चलते कर्मचारियों के स्थानान्तरण भविष्य में भी किये जाने की चेतावनी देते हुये, वार्ता स्थगित कर दी गयी थी।

उक्त के क्रम में कर्मचारी संघ के पत्रांक 41 दिनांक 16.10.2025 के द्वारा आपको पत्र प्रेषित किया गया था कि यदि प्रबन्धक पक्ष द्वारा वर्तमान में किये गये स्थानान्तरण आदेशों को दिनांक 28.10.2025 तक निरस्त करते हुये सम्बन्धित कार्मिकों को उनकी पूर्व तैनाती / मूल तैनाती स्थल पर तैनाती नहीं की जाती है तो कर्मचारी संघ को विवश होकर जल संस्थान मुख्यालय प्रांगण में धरना प्रदर्शन हेतु विवश होना पड़ेगा, जिसका समस्त उत्तरदायित्व प्रबन्धक पक्ष का होगा।
अतः आपको सूचित किया जाता है कि आपके द्वारा उपरोक्तानुसार कार्यवाही नहीं की जाती है, तो दिनांक 29.10.2025 से मुख्यालय, देहरादून में प्रातः 10:30 बजे धरना प्रदर्शन की कार्यवाही अमल में लाई जायेगी, जिसका समस्त उत्तरदायित्व स्वयं प्रबन्धक पक्ष का होगा।

