अनुसूचित जाति आयोग की जनसुनवाई में 45 शिकायतों पर हुई सुनवाई, 26 मामलों का मौके पर निस्तारण

0
FB_IMG_1788493272106

अनुसूचित जाति आयोग की जनसुनवाई में 45 शिकायतों पर हुई सुनवाई, 26 मामलों का मौके पर निस्तारण

देहरादून। उत्तराखण्ड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोग कार्यालय देहरादून में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 45 शिकायतों की सुनवाई की गई। दोनों पक्षों की मौजूदगी में 26 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

आयोग अध्यक्ष श्री मुकेश कुमार ने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति समाज के पीड़ित एवं वंचित लोगों को संविधान और कानून के तहत त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आयोग शिकायतों की सुनवाई के साथ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए भी लगातार प्रयास कर रहा है।

आयोग की सचिव कविता टम्टा ने बताया कि 1 से 3 सितंबर तक आयोजित जनसुनवाई में टिहरी, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान अनुसूचित जाति परिवारों की भूमि से अवैध कब्जा हटाने, भूमि पैमाइश, उत्पीड़न, आउटसोर्स कार्मिकों को सेवा से न हटाने, भूमि का मालिकाना हक, पदोन्नति, सेवा बहाली और जातिगत भेदभाव सहित विभिन्न मामलों पर सुनवाई की गई।

इस अवसर पर आयोग के सदस्य विशाल मुखिया, सुनीता देवी, भागीरथी कुंजवाल, विधि सलाहकार राजू मेहर सहित आयोग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *