चारधाम यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, 56.18 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे

0
CharDhan-MyHillTour.jpg.bv_resized_mobile.jpg.bv

चारधाम यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, 56.18 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 56,18,497 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज सर्वाधिक श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए चारधाम यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है।

बाबा केदारनाथ, बदरी विशाल, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री के दर्शन के लिए देश-दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवभूमि पहुंचे। श्रद्धालुओं की संख्या में हुई यह ऐतिहासिक वृद्धि उत्तराखंड के प्रति बढ़ते धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं के विश्वास को दर्शाती है।

राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य, यातायात, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को मजबूत किया। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ समेत संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विकसित की जा रही अवस्थापना सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी का सकारात्मक प्रभाव भी यात्रा पर दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन में जुटे प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और सभी कार्मिकों के योगदान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *