लंबित प्रकरणों पर मुख्य सचिव सख्त, विभागाध्यक्षों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
लंबित प्रकरणों पर मुख्य सचिव सख्त, विभागाध्यक्षों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में आयोजित बैठक में सभी जनपदों से संबंधित शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागाध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जनपद स्तर से भेजे गए किसी भी प्रकरण के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी संबंधित विभागाध्यक्षों से सीधे संवाद कर समस्याओं का समाधान कराएं और आवश्यकता पड़ने पर विभागीय उच्चाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने विशेष रूप से सड़कों, पुलों, भवनों सहित अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपदों से संबंधित विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर निर्णय लिया जाना है, उनमें समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और विभागाध्यक्ष स्तर पर समन्वय की आवश्यकता वाले मामलों में सीधे वार्ता कर समाधान कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि शासन और जनपदों के बीच प्रभावी समन्वय से ही विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों का तेजी से निस्तारण संभव है।
उल्लेखनीय है कि जनपदों के शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को यह बैठक आयोजित की जा रही है। जिलाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए बताया कि नियमित समीक्षा और विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ सीधे समन्वय के माध्यम से वर्षों से लंबित कई प्रकरणों का समाधान हुआ है और निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी आई है।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनाई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, रविनाथ रमन, चंद्रेश कुमार यादव, बृजेश कुमार संत, डॉ. वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, ज्योति यादव, रणवीर सिंह चौहान, धीराज सिंह गर्ब्याल एवं राजेंद्र कुमार सहित विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, गढ़वाल कमिश्नर आनन्द स्वरूप तथा विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

