विकास योजनाओं और आपदा राहत के लिए मुख्यमंत्री ने मंजूर किए ₹4 करोड़
विकास योजनाओं और आपदा राहत के लिए मुख्यमंत्री ने मंजूर किए ₹4 करोड़
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, कुंभ मेला-2027 की अवस्थापना सुविधाओं तथा अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए करीब ₹4 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
राज्य योजना के तहत नैनीताल जिले के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में रामनगर-कालाढूंगी-हल्द्वानी-काठगोदाम-चोरगलिया-सितारगंज-बिजटी राज्यमार्ग संख्या-41 के किमी-36 में निहाल नदी पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर 21 मीटर विस्तार के आरसीसी सेतु के नवनिर्माण के लिए ₹3.96 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा उत्तरकाशी के ग्राम मोल्डा में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित सात परिवारों को छह माह तक प्रतिमाह ₹4 हजार की दर से भवन किराये के भुगतान के लिए ₹1.68 लाख मंजूर किए गए हैं। देहरादून के हाथीबड़कला क्षेत्र के पथरियापीर में सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित चार परिवारों को छह माह तक किराये के भवन में रखने के लिए ₹96 हजार की धनराशि स्वीकृत की गई है।
अल्मोड़ा जिले में प्राकृतिक आपदा से पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त एक आवासीय भवन के प्रभावित परिवार को ₹3 लाख तथा प्राकृतिक आपदा में मृतकों के आश्रितों को एसडीआरएफ मानकों के अतिरिक्त ₹1 लाख प्रति परिवार की दर से राहत देने के लिए ₹3 लाख मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं, कुंभ मेला-2027 के तहत हरिद्वार में केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत कार्यों के सुचारू संचालन के लिए निर्धारित ₹100 करोड़ की सीमा के अंतर्गत द्वितीय चरण में अवशेष ₹20 लाख की वित्तीय स्वीकृति का शासनादेश भी जारी किया गया है। सरकार के इन निर्णयों से विकास कार्यों में तेजी आने के साथ ही आपदा प्रभावित परिवारों को भी तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है।

