पीएम मोदी के 25 वर्ष के राष्ट्रसेवा के सफर को सीएम धामी ने बताया सेवा, सुशासन और ‘राष्ट्र प्रथम’ का प्रतीक

0
Oplus_16908288

Oplus_16908288

पीएम मोदी के 25 वर्ष के राष्ट्रसेवा के सफर को सीएम धामी ने बताया सेवा, सुशासन और ‘राष्ट्र प्रथम’ का प्रतीक

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का राष्ट्रसेवा का सफर सेवा, सुशासन, संकल्प और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का प्रतीक है। उन्होंने सदैव राष्ट्रनीति को राजनीति से ऊपर रखते हुए देशहित और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

हरिद्वार में आयोजित कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में उत्तराखंड को भी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। इसी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए राज्य मंत्रिमंडल ने मां गंगा का पूजन कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है। रक्षा, विज्ञान, नवाचार, खेल और अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों ने देशवासियों के आत्मविश्वास को बढ़ाया है और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई मजबूती प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। युवाओं के लिए स्टार्टअप और कौशल विकास की योजनाएं शुरू की गईं, जबकि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहल की गई हैं। जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

सैनिकों के सम्मान और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेना और सैनिकों के कल्याण को हमेशा प्राथमिकता दी है। चार दशक के लंबे इंतजार के बाद सैनिकों को वन रैंक, वन पेंशन योजना का लाभ मिला। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों के माध्यम से भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ नीति और मजबूत इच्छाशक्ति का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पहले भारत रक्षा उपकरणों के लिए बड़े पैमाने पर दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन अब देश रक्षा सामग्री का निर्माण करने के साथ कई देशों को उसका निर्यात भी कर रहा है।

उत्तराखंड में विकास परियोजनाओं को मिली नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को गति मिली है। ऑल वेदर रोड परियोजना से चारधाम यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिली है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 58 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों के पहुंचने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में धार्मिक पर्यटन की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आदि कैलाश दौरे से इस क्षेत्र में तीर्थाटन को बढ़ावा मिला है। वहीं, हर्षिल से शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहन मिलने से राज्य में सालभर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने माणा गांव पहुंचकर सीमांत गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में पहचान दिलाने का संदेश दिया। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

आपदा के समय केंद्र सरकार ने दिया सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलक्यारा सुरंग हादसे, धराली आपदा और सहस्रताल ट्रैक पर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने जैसे चुनौतीपूर्ण अवसरों पर केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय से कठिन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने में मदद मिली है।

उन्होंने कहा कि बदरीनाथ और केदारनाथ पुनर्विकास परियोजनाओं के माध्यम से तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजनाओं के साथ सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली है। हरिद्वार में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ दूसरे मेडिकल कॉलेज को जल्द शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

2.25 लाख करोड़ की परियोजनाओं पर चल रहा काम

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में करीब 2.25 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से 45 से अधिक विमान सेवाओं का संचालन हो रहा है, जबकि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर को शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 से अधिक बार उत्तराखंड आ चुके हैं। विदेश दौरों के दौरान उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को विदेशी मेहमानों को उपहार में देकर उन्होंने राज्य की संस्कृति, परंपराओं और उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास, पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय आजीविका के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed