पीएम मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन, सीएम धामी ने की देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
पीएम मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन, सीएम धामी ने की देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में सरकार प्रमुख के तौर पर उनके 25 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री धामी ने मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की।
हरिद्वार में गंगा तट स्थित मेला नियंत्रण भवन में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों ने गंगा पूजन एवं आरती की। धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा के तट पर मंत्रिमंडल की बैठक का आयोजन राज्य सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कैबिनेट बैठकें आयोजित कर शासन को जनता के और करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्थानीय जरूरतों, क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से अलग-अलग जनपदों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित कर रही है। इससे पहले चम्पावत जनपद के बनबसा में भी कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे।
सरकार का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को शासन स्तर पर प्राथमिकता देना तथा जनहित से जुड़े निर्णयों को गति प्रदान करना है। हरिद्वार में गंगा पूजन के बाद आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक को भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

