धामी सरकार का बड़ा फैसला: स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क परियोजनाओं के लिए करोड़ों की मंजूरी

0
Oplus_16908288

Oplus_16908288

धामी सरकार का बड़ा फैसला: स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क परियोजनाओं के लिए करोड़ों की मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, उच्च शिक्षा, सड़क निर्माण, पर्यटन सुविधाओं और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इन फैसलों के तहत चिकित्सा एवं लोक स्वास्थ्य, अशासकीय महाविद्यालयों में कार्मिकों के वेतन भुगतान, धार्मिक स्थलों के विकास, पर्यटन आवास गृह के सुधारीकरण और सड़क अवसंरचना से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।

स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 13.48 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन-1.0 तथा इंफ्रास्ट्रक्चर मेंटिनेंस के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में चिकित्सा एवं लोक स्वास्थ्य के लिए नया लेखाशीर्ष खोलने की अनुमति के साथ केंद्रांश के सापेक्ष राज्यांश के रूप में राज्य आकस्मिकता निधि से कुल 13.48 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया है।

21 अशासकीय महाविद्यालयों के लिए 77.69 करोड़ रुपये

उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के 21 अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत कार्मिकों के वेतन आदि के भुगतान के लिए मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत 155.38 करोड़ रुपये के सापेक्ष अवशेष 77.69 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है। इससे संबंधित महाविद्यालयों में वेतन भुगतान के लिए आवश्यक वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

सड़क, मंदिर और पर्यटन सुविधाओं के लिए धनराशि मंजूर

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया है।

– पिथौरागढ़: धारचूला विधानसभा क्षेत्र की ग्रामसभा दर में आंतरिक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 93.08 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
– ऊधमसिंह नगर: खटीमा विधानसभा क्षेत्र के शिव मंदिर, अंजनिया में सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
– पिथौरागढ़: भूमिया मंदिर गैंठन से काल्सिन मंदिर एवं खूनी गांव तक सड़क निर्माण के प्रथम चरण के लिए 92.32 लाख रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।
– बागेश्वर: कपकोट विधानसभा क्षेत्र के बागेश्वर-पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक रूट पर पर्यटक आवास गृह फुरकिया की मरम्मत एवं सुधारीकरण के लिए 4.44 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
– पौड़ी गढ़वाल: द्वारिखाल/एकेश्वर विकासखंड के अंतर्गत सतपुली बैराज निर्माण की पुनरीक्षित लागत में शामिल स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों के लिए 4.89 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया गया है।

शारदा नदी में बाढ़ सुरक्षा और सड़क परियोजनाओं को गति

राज्य सेक्टर के अंतर्गत फ्लड प्लेन जोनिंग कार्य के लिए शारदा (काली) नदी में फ्लड प्लेन जोनिंग से संबंधित कंसल्टेंसी कार्य हेतु 47.31 लाख रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इस कार्य का उद्देश्य नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के नियोजन और प्रबंधन से संबंधित तकनीकी कार्यों को आगे बढ़ाना है।

इसके अलावा, केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) योजना के अंतर्गत स्वीकृत कुल नौ कार्यों के लिए 288.41 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के लिए प्रथम किश्त के रूप में 115.36 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का भी अनुमोदन दिया गया है।

मुख्यमंत्री के इन निर्णयों से स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, सड़क संपर्क, धार्मिक स्थलों के विकास, पर्यटन सुविधाओं और बाढ़ सुरक्षा से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed