विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर निर्वाचन आयोग की दो दिवसीय समीक्षा बैठक संपन्न, अधिकारियों को दिए निर्देश

0
FB_IMG_1791953266078

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर निर्वाचन आयोग की दो दिवसीय समीक्षा बैठक संपन्न, अधिकारियों को दिए निर्देश

निर्धारित इलेक्शन प्लानर के अनुसार कार्य करने और चुनावी तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का बुधवार को समापन हो गया। बैठक में प्रदेश के दोनों मंडलों के आयुक्त, पुलिस रेंज के अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक सहित केंद्र और राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधिमंडल के समक्ष चुनावी तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच को लेकर कार्यशाला

बैठक के पहले दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत ईवीएम की जांच और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलों की चुनावी तैयारियों की हुई समीक्षा

बैठक के दूसरे दिन सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों में चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती की योजना और अपराध एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।

भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित इलेक्शन प्लानर के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही चुनाव से संबंधित सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

21 प्रवर्तन एजेंसियों ने भी दिया प्रस्तुतीकरण

समीक्षा बैठक में अर्द्धसैनिक बलों, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कस्टम सहित 21 प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों ने भी चुनावी तैयारियों के संबंध में अपना प्रस्तुतीकरण दिया। इन एजेंसियों की भूमिका को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निगरानी और आवश्यक कार्रवाई से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एसबी जोशी और बीके पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी निलेश आनंद भरणे, कुमाऊं रेंज की आईजी नवेदिता कुकरेती, गढ़वाल रेंज की प्रभारी आईजी विमि सचदेवा, स्टेट पुलिस नोडल आईजी कृष्ण कुमार वीके, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित प्रदेश के सभी जिलाधिकारी, एसएसपी एवं एसपी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

दो दिवसीय समीक्षा बैठक के माध्यम से प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 के लिए प्रशासनिक, सुरक्षा और तकनीकी तैयारियों की समीक्षा की गई। निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को चुनावी कार्ययोजना के अनुरूप तैयारी आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed