नरेंद्रनगर में 1.38 करोड़ की लागत से बनेगी पार्किंग, धनराशि जल्द जारी करने के निर्देश
नरेंद्रनगर में 1.38 करोड़ की लागत से बनेगी पार्किंग, धनराशि जल्द जारी करने के निर्देश
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में विभागीय वित्त समिति की बैठक, धनराशि मिलते ही शुरू होगा निर्माण कार्य
देहरादून। प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आमजन को बेहतर यातायात एवं पार्किंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में मोटरनाला/पुलिस थाने के समीप प्रस्तावित पार्किंग निर्माण परियोजना को गति देने की कवायद तेज हो गई है। परियोजना के लिए ₹138.20 लाख यानी करीब 1.38 करोड़ रुपये की अनुमोदित लागत निर्धारित की गई है।
इस संबंध में आज राज्य सचिवालय में विभागीय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने की। बैठक में परियोजना के तकनीकी एवं वित्तीय पहलुओं की समीक्षा करते हुए वित्त विभाग को आवश्यक धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को मिलेगी राहत
नरेंद्रनगर में प्रस्तावित पार्किंग का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को देखते हुए स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराना है। पार्किंग सुविधा विकसित होने से क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, स्थानीय लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बैठक में पार्किंग निर्माण परियोजना की कुल अनुमोदित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का संज्ञान लिया गया। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक वित्तीय प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर जोर दिया।
धनराशि जारी होते ही शुरू होगा निर्माण
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नरेंद्रनगर में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण परियोजना की विभागीय वित्त समिति में समीक्षा की गई है। परियोजना की कुल अनुमोदित डीपीआर लागत ₹138.20 लाख है और वित्त विभाग को आवश्यक धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि धनराशि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि परियोजना निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरी हो, ताकि स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर पार्किंग सुविधा का लाभ मिल सके।
बैठक में आवास विभाग, संबंधित कार्यदायी संस्था और अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

