केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद
केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद
श्रद्धालुओं की संख्या ने तोड़ा रिकॉर्ड; इस वर्ष 19.33 लाख भक्तों ने किए दर्शन
पिछले वर्ष के मुकाबले 1.62 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे बाबा केदार के दरबार, पिछले दो वर्षों का रिकॉर्ड टूटा
देहरादून। विश्वप्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद हो गए। इस वर्ष बाबा केदार के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। वर्ष 2025 की तुलना में इस बार 1 लाख 62 हजार 864 अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे।
इस वर्ष कुल 19 लाख 33 हजार 138 तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए।आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में कुल 17 लाख 70 हजार 274 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे थे, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 16 लाख 53 हजार 581 रही थी। इस तरह वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा ने पिछले दो वर्षों के श्रद्धालुओं की संख्या का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की चारधाम यात्रा को लगातार नए आयाम मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार की ओर से चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गईं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में ऑलवेदर रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं से चारधाम यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुगम और सुरक्षित हुई है। यात्रा मार्गों से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन तक की व्यवस्थाओं को व्यापक रूप से सुदृढ़ किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर यात्रा अनुभव मिले। बेहतर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का ही परिणाम है कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और उत्तराखंड की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत हो रही है।

