बुजुर्ग ने बेटे-बहू पर लगाए मकान कब्जाने और प्रताड़ित करने के आरोप, डीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

0
FB_IMG_1794874171939

बुजुर्ग ने बेटे-बहू पर लगाए मकान कब्जाने और प्रताड़ित करने के आरोप, डीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

105 शिकायतें पहुंचीं, बुजुर्गों की संपत्ति से लेकर जमीन कब्जाने तक के मामले उठे; डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में जनसमस्याओं के साथ बुजुर्गों की पीड़ा भी सामने आई। किसी ने बेटे पर मकान बेचने का दबाव बनाने का आरोप लगाया तो किसी ने बेटे-बहू पर घर से बेदखल करने और प्रताड़ित करने की शिकायत की। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 105 शिकायतें दर्ज की गईं।

समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, पारिवारिक उत्पीड़न, आर्थिक सहायता और विभिन्न प्रमाण पत्रों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। डीएम ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बुजुर्गों ने सुनाई बेटे-बहू की प्रताड़ना की पीड़ा

क्लेमेंटटाउन निवासी 75 वर्षीय बिहारी लाल ने शिकायत की कि उनका बेटा आवासीय भवन बेचने का दबाव बना रहा है। पत्नी की मृत्यु के बाद उन्हें अपने ही घर में रहने को लेकर चिंता सता रही है। उन्होंने मकान की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। डीएम ने एसडीएम को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं कैलाशपुर निवासी मीना देवी ने बेटे-बहू पर मकान पर जबरन कब्जा करने, मारपीट और कमरे में बंद करने के आरोप लगाए। उन्होंने सुरक्षा और मकान से कब्जा हटवाने की मांग की। ऋषिकेश की 76 वर्षीय उषा भल्ला ने भी बेटे-बहू पर फ्लैट कब्जाने और उन्हें बेघर करने का आरोप लगाया। दोनों मामलों में डीएम ने संबंधित एसडीएम को प्राथमिकता से कार्रवाई कर राहत दिलाने को कहा।

दीपनगर निवासी 65 वर्षीय विनोद प्रसाद ने बेटे पर भरण-पोषण के लिए खर्च नहीं देने और आए दिन विवाद करने की शिकायत की। उन्होंने बेटे को संपत्ति से बेदखल करने की मांग उठाई। इस पर एसडीएम सदर को जांच कर बुजुर्ग दंपति को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

कैंसर से पति की मौत के बाद आर्थिक संकट, महिला को तत्काल सहायता

ग्राम दुवारा निवासी संध्या रमोला ने बताया कि कैंसर से पति की मृत्यु के बाद उनके इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। अब दो छोटे बच्चों के पालन-पोषण में भी मुश्किलें आ रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही महिला के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत की।

इसके अलावा लकवे से पीड़ित और बेघर आशा देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिलाने की मांग की। डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

40 लाख रुपये देने के बाद भी नहीं हुई जमीन की रजिस्ट्री

समाधान दिवस में जमीन से जुड़े विवाद भी सामने आए। पटेल नगर निवासी कर्मा देवी ने शिकायत की कि पति की मृत्यु के बाद कुछ समय तक प्लॉट की देखरेख नहीं कर पाने के कारण अज्ञात लोगों ने वहां बाउंड्री बनाकर कब्जा कर लिया। डीएम ने तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

टिहरी के ग्राम कुखई निवासी मंगल सिंह ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर 125 वर्गमीटर जमीन के नाम पर 40 लाख रुपये लेने के बावजूद 11 महीने से रजिस्ट्री नहीं करने और गुमराह करने का आरोप लगाया। डीएम ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

विकासनगर के शीशमबाड़ा में अधिग्रहित भूमि का एनएचएआई से मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत पर एसडीएम को जांच सौंपी गई। वहीं झांझरा में सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा कर आवागमन बाधित करने के मामले में भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

भीतरली ग्राम पंचायत की कडरियाना बस्ती में आपदा प्रभावित परिवारों के विस्थापन की मांग पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। कुंजा ग्रांट में आसन नदी किनारे सरकारी और ग्राम पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार को तत्काल कब्जा हटवाने के निर्देश दिए गए।

सड़क की बदहाली पर भी डीएम सख्त

ग्राम पंचायत रैनापुर में लोक निर्माण विभाग की सड़क पर गड्ढों के कारण लोगों को हो रही परेशानी का मामला भी उठा। डीएम ने संबंधित अधिशासी अभियंता को जल्द सड़क मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों को महज औपचारिकता न समझें। प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच करते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed