मुख्यमंत्री धामी ने सपरिवार की जनगणना-2027 की स्व-गणना, प्रदेशवासियों से की डिजिटल भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री धामी ने सपरिवार की जनगणना-2027 की स्व-गणना, प्रदेशवासियों से की डिजिटल भागीदारी की अपील
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत ऑनलाइन स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। इस दौरान उन्होंने डिजिटल माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कराया और प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के आंकड़े प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं को तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उत्तराखण्ड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए सटीक जनसंख्या आंकड़े बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे नागरिक घर बैठे अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं और जनगणना प्रक्रिया में सीधे भागीदार बन सकते हैं।
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना पूरी करने और घर-घर पहुंचने वाले जनगणना प्रगणकों को आवश्यक सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार की सहभागिता से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी, जिससे भविष्य में विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से तैयार किया जा सकेगा।
16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना का मौका
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तराखण्ड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से डिजिटल स्व-गणना की जा सकती है। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय इवा आशीष श्रीवास्तव सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

