50 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ

0
FB_IMG_1795917584014

50 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ

सीएम धामी ने हिमालयन इंस्टीट्यूट को दिए ₹1 करोड़
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले– आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और पारंपरिक ज्ञान का समन्वय जरूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में तीन दिवसीय विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन का उत्तराखंड में आयोजन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन, वैज्ञानिक अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। सम्मेलन में विभिन्न देशों के अनुभवों, आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और शोध को साझा करने के साथ आपदाओं से निपटने के लिए प्रभावी एवं समन्वित रणनीति तैयार करने पर मंथन होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र की चुनौती नहीं रह गया है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता की साझा जिम्मेदारी है। उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों, देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा करीब 50 देशों की भागीदारी इस सम्मेलन के वैश्विक महत्व को दर्शाती है। यह आयोजन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को भी साकार करता है।

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को किया याद

मुख्यमंत्री ने 28 नवंबर के दिन को उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व का बताते हुए वर्ष 2023 के सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू ऑपरेशन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी।

उन्होंने श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के साहस और धैर्य की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे और प्रतिदिन संवाद कर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री के सहयोग को कठिन समय में अभिभावक के समान संबल बताया।

मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू ऑपरेशन में योगदान देने वाले इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां आईं, तब रैट माइनर्स ने अपने कौशल और साहस से अभियान के अंतिम चरण में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।

जलवायु परिवर्तन से बढ़ रही आपदाओं की चुनौती

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के कारण गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। कहीं अत्यधिक वर्षा और बाढ़ तो कहीं सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी घटनाएं जनजीवन को प्रभावित कर रही हैं। इनका असर केवल जन-धन की हानि तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अर्थव्यवस्था, कृषि, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक संरचना पर भी पड़ता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आपदा प्रबंधन की प्रतिक्रियात्मक व्यवस्था से आगे बढ़कर पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी और जोखिम न्यूनीकरण पर विशेष ध्यान दे रहा है। आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्य जितने जरूरी हैं, उससे अधिक आवश्यक है कि संभावित जोखिमों की पहले से पहचान कर नुकसान कम करने की व्यवस्थाएं विकसित की जाएं।

हिमालयी क्षेत्रों की चुनौतियों पर विशेष मंथन की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा हिमालयी क्षेत्र पर्यावरणीय और भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, वर्ष 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग की घटना ने स्पष्ट किया है कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नेपाल, भूटान और तिब्बत सहित समूचे हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियां काफी हद तक समान हैं। ऐसे में सम्मेलन में हिमालयी क्षेत्रों की समस्याओं और उनके वैज्ञानिक समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

AI और ड्रोन तकनीक से मजबूत होगा आपदा प्रबंधन

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन में पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक तकनीक का समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा संबंधी जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है। इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय रहते चेतावनी जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार एसडीआरएफ को मजबूत बनाने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बेहतर बनाने पर काम कर रही है। साथ ही स्थानीय समुदायों को प्रशिक्षण देने के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श उत्तराखंड के साथ ही पूरे हिमालयी क्षेत्र और दुनिया के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित होगा।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *