सीएम धामी ने किया ‘Maverick Jaspal’ पुस्तक का विमोचन, जसपाल राणा की उपलब्धियों को बताया युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
सीएम धामी ने किया ‘Maverick Jaspal’ पुस्तक का विमोचन, जसपाल राणा की उपलब्धियों को बताया युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध निशानेबाज एवं भारतीय खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्ती स्व. जसपाल राणा के परिजनों ने भेंट की। इस दौरान उनकी पत्नी श्रीमती रीना राणा, पुत्र युवराज राणा और पुत्री देवांशी राणा मौजूद रहे। परिजनों ने मुख्यमंत्री को जसपाल राणा के जीवन, संघर्ष और खेल उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ भेंट की। मुख्यमंत्री ने पुस्तक का विमोचन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्व. जसपाल राणा की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन यह संदेश देता है कि निरंतर अभ्यास, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने के साथ ही उत्तराखण्ड का गौरव भी बढ़ाया। उनका खेल सफर और उनकी उपलब्धियां युवा खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ पुस्तक पाठकों, विशेषकर युवा खिलाड़ियों को जसपाल राणा के जीवन, अनुभवों, संघर्ष और उपलब्धियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह पुस्तक भारतीय निशानेबाजी में उनके योगदान और खेल जगत पर उनके प्रभाव को समझने का अवसर प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण प्रयास के लिए जसपाल राणा के परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि महान खिलाड़ियों का जीवन, उनका संघर्ष और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।

