खेल

पाक के पेस अटैक के सामने भारतीय टॉप ऑर्डर की परीक्षा

दुबई।भारतीय टीम के लिए शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों का पावर-प्ले में रक्षात्मक रवैया परेशानी का सबब बन सकता है। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में विराट कोहली या रोहित शर्मा कोई भी सहज होकर नहीं खेल पा रहे थे। पिच धीमी होने पर उनकी समस्या बढ़ती गई।

इस टूर्नामेंट में आठ दिन के अंदर दोनों टीमों के बीच दूसरी भिड़ंत है। भारत अब तक एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ कुल 15 मैच खेल चुका है। इनमें से कुछ मैच वनडे और कुछ मैच टी-20 फॉर्मेट में खेले गए हैं। भारतीय टीम ने इनमें से नौ मैचों में जीत दर्ज की है। पाकिस्तान ने पांच मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा है।

भारत को यदि अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर चार में पिछले मैच की तरह जीत दर्ज करनी है तो उसके शीर्ष क्रम को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। साथ ही तेज गेंदबाजों को भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभानी होगी।

पावरप्ले में पाकिस्तान की टीम सुस्त

पाकिस्तान के बल्लेबाजों को भी पहले 10 ओवर में अधिक रन बनाने की जरूरत है। मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम को लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी सफलताएं मिली हैं, लेकिन जब पहले बल्लेबाजी की बात आती है तो इस जोड़ी को खास सफलता नहीं मिली है। इसके अलावा दुबई की पिच धीमा खेल रही है जिससे कि बल्लेबाजों के लिए परेशानी पैदा हो सकती है।

भारत-पाकिस्तान के बीच पिछले पांच टी-20 मुकाबले

भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया।

पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया।

भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से शिकस्त दी।

भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया।

भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से शिकस्त दी।

टीमें इस प्रकार हैं

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, आवेश खान (बीमार होने की वजह से नहीं खेलेंगे)।

पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान, आसिफ अली, फखर जमान, हैदर अली, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, नसीम शाह, शाहनवाज दहानी (चोटिल होकर टीम से बाहर), उस्मान कादिर, मोहम्मद हसनैन, हसन अली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *