गैरसैंण में 9 मार्च से उत्तराखंड विधानसभा का Budget Session
गैरसैंण में 9 मार्च से उत्तराखंड विधानसभा का Budget Session
देहरादून। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा का बजट सत्र नौ मार्च से प्रारंभ होगा। 11 मार्च को बजट पेश किया जाएगा। सरकार से बजट सत्र का कार्यक्रम मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय इसे अनुमोदन के लिए लोक भवन भेजने जा रहा है।
कैबिनेट ने विधानसभा के बजट सत्र का स्थान और अवधि तय करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत कर दिया था। मुख्यमंत्री कार्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद अब गैरसैंण में सत्र के लिए नौ से 13 मार्च की अवधि तय की गई है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जबकि अगले दिन 10 मार्च को अध्यादेश पटल पर रखने के साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। 11 मार्च को धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा व पारण होगा और इसी दिन वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट मुख्यमंत्री धामी प्रस्तुत करेंगे। 12 व 13 मार्च को विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा होगी।

