उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी की उम्मीदों पर खरा उतरता लोक निर्माण विभाग, दुगड्डा

मुख्यमंत्री धामी की उम्मीदों पर खरा उतरता लोक निर्माण विभाग, दुगड्डा

मुख्यमंत्री की घोषणा की तीन परियोजनाओं को पूर्ण किया 

कोटद्वार।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं के अनुरूप जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं सेतु विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूर्ण कर ली गई हैं। जिलाधिकारी के अनुसार, इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था मजबूत हुई है और बड़ी आबादी को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है।

लोक निर्माण विभाग, दुगड्डा द्वारा चिल्लरखाल–सिगड्डी–कोटद्वार–पाखरौ मोटर मार्ग के 12 किमी हिस्से का ₹1825.35 लाख की लागत से सुदृढ़ीकरण किया गया है। यह मार्ग सिगड्डी औद्योगिक क्षेत्र सहित किशनपुर, झण्डीचौड़, हल्दूखाता, मोटाढांग और दुर्गापुरी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों को कोटद्वार शहर से जोड़ता है। साथ ही, यह मार्ग कोटद्वार-नजीबाबाद मार्ग बाधित होने की स्थिति में हरिद्वार के लिए वैकल्पिक संपर्क मार्ग के रूप में भी उपयोगी है, जिससे लगभग 80 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिल रहा है।

इसी क्रम में हल्दूखाता-सिगड्डी मार्ग पर तेलीस्रोत में ₹236.31 लाख की लागत से 30 मीटर स्पान का आरसीसी सेतु एवं कल्वर्ट निर्मित किया गया है। इसके बनने से औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच संपर्क अधिक सुगम हुआ है तथा लगभग 80 हजार लोगों को वर्षभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है।

इसके अतिरिक्त विकासखंड दुगड्डा के लालपानी–सनेह मार्ग पर ₹369.60 लाख की लागत से चार पुलियों का निर्माण किया गया है। पहले बरसात के दौरान जलभराव के कारण यहां आवागमन बाधित रहता था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी, लेकिन अब मार्ग सुरक्षित हो गया है, जिससे लालपानी, बिशनपुर, कुम्भीचौड़, ग्रास्टनगंज सहित आसपास के क्षेत्रों की आबादी लाभान्वित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *