मानदेय से वंचित शिक्षकों को प्राथमिकता से भुगतान की मांग, अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
मानदेय से वंचित शिक्षकों को प्राथमिकता से भुगतान की मांग, अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
देहरादून में हुई जिला बैठक में शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर मंथन, विनियमितीकरण, मानदेय वृद्धि और पेंशन संबंधी मांगें भी उठीं।
देहरादून, 03 अगस्त 2026।
अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ, जनपद देहरादून की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को गांधी इंटर कॉलेज, देहरादून में जिलाध्यक्ष अनिल कुमार नौटियाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन जिला मंत्री विजय पाल सिंह जंगवान ने किया। इसमें जनपद और विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया।
बैठक में सदस्यता अभियान, आगामी जनपदीय एवं प्रांतीय सम्मेलन तथा शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण और प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने शिक्षकों की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में सर्वसम्मति से उत्तराखंड सरकार से मांग की गई कि वर्षों से मानदेय से वंचित शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र मानदेय उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके आर्थिक और सामाजिक हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण, तदर्थ नियुक्तियों, मानदेय में वृद्धि, अक्टूबर 2005 की पेंशन व्यवस्था से संबंधित समस्याओं के समाधान तथा तदर्थ सेवाओं को चयन एवं पदोन्नति में समुचित लाभ दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि शिक्षकों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति अपनाने पर विचार करेगा।
बैठक में संरक्षक आर.सी. शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, जिला कोषाध्यक्ष ललित मोहन सकलानी सहित विजय प्रसाद भट्ट, सावित्री चंद, संध्या डंगवाल, संजू सकलानी, धनंजय उनियाल, महावीर सिंह मेहता, राजेंद्र रावत, गिरीश सेमवाल, विजय बुटोला, एस.के. त्रिपाठी, शैलेन्द्र सिंह, यमुना नौटियाल, संजीव जोशी, नरेश कोटनाला, राजेंद्र ग्वाड़ी, उपेंद्र बहुगुणा, मनीष राणा, कुलदीप जोशी, हिमांशु वर्मा, नरेंद्र सिंह समेत अनेक शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


