उत्तराखण्ड जल संस्थान कर्मचारी संघ की मुख्य महाप्रबंधक से वार्ता, कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन
देहरादून, 05 अगस्त 2026।उत्तराखण्ड जल संस्थान कर्मचारी संघ, उत्तराखण्ड प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्य महाप्रबंधक श्री डी.के. सिंह से जल संस्थान मुख्यालय में भेंट कर कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश महामंत्री श्री नन्दलाल जोशी ने किया।
वार्ता के दौरान प्रदेश महामंत्री श्री नन्दलाल जोशी ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से मुख्य महाप्रबंधक को अवगत कराया। इस पर मुख्य महाप्रबंधक श्री डी.के. सिंह ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की सभी समस्याओं का गंभीरता के साथ निस्तारण किया जाएगा तथा प्रत्येक स्तर पर कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि समूह ‘घ’ से समूह ‘ग’ में पदोन्नति की प्रक्रिया गतिमान है और इसे शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विभाग में कार्यरत संविदा, तदर्थ, अंशकालिक, दैनिक वेतनभोगी एवं वर्कचार्ज कर्मचारियों के विनियमितीकरण की प्रक्रिया भी प्रगति पर है तथा शीघ्र ही पात्र कर्मियों का नियमितीकरण किया जाएगा।
वार्ता में उपनल के माध्यम से कार्यरत कनिष्ठ अभियंताओं को “समान कार्य, समान वेतन” का लाभ दिए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है तथा शासन से स्वीकृति प्राप्त होते ही उपनल कर्मियों को समान कार्य, समान वेतन का लाभ प्रदान किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश महामंत्री श्री नन्दलाल जोशी, शाखा सचिव श्री मनोज कुमार (उत्तर/दक्षिण, देहरादून), प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अमजद खान, श्री कुनाल शर्मा, श्री विक्रम सिंह रावत, श्री घनश्याम रवि, श्री अजय कुमार, श्री विशाल एवं श्री आशीष यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
