विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 9 अधिकारी बने पर्यवेक्षण अधिकारी
विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 9 अधिकारी बने पर्यवेक्षण अधिकारी
SIR में IAS व PCS अधिकारियों की लगायी गई ऑब्ज़र्वर ड्यूटी
देहरादून। उत्तराखण्ड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी के लिए राज्य के तीन जिलों में नौ अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और Manual on Electoral Rolls-2023 के प्रावधानों के तहत यह नियुक्तियां की गई हैं। अधिकारियों को संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया का नियमित अनुश्रवण एवं निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है।
हरिद्वार जिले में श्री संदीप तिवारी को हरिद्वार, बीएचईएल रानीपुर और ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्रों, श्री ललित नारायण मिश्र को भगवानपुर, पिरान कलियर और रुड़की तथा श्री नन्द कुमार को झबरेड़ा, खानपुर और मंगलौर विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं श्री गोपाल राम बिनवाल को लक्सर और हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों का पर्यवेक्षण अधिकारी बनाया गया है।
नैनीताल जिले में श्री संजय कुमार को लालकुआं और हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। ऊधम सिंह नगर जिले में श्री प्रकाश चन्द्र दुका को जसपुर और काशीपुर, श्री जय किशन को बाजपुर और गदरपुर, श्री विनीत तोमर को रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज तथा श्री दिनेश शाशनी को नानकमत्ता और खटीमा विधानसभा क्षेत्रों का पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
आदेश में अधिकारियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
