सचिवालय संघ ने कार्मिकों की समस्याओं के निराकरण की उठाई मांग, सचिव स्वास्थ्य ने दिया आश्वासन
गोल्डन कार्ड की समस्याओं के समाधान को जल्द कैबिनेट में रखा जाएगा प्रस्ताव: सचिव स्वास्थ्य
सचिवालय संघ ने कार्मिकों की समस्याओं के निराकरण की उठाई मांग, सचिव स्वास्थ्य ने दिया आश्वासन
देहरादून। सचिवालय संघ की कार्यकारिणी ने गुरुवार शाम सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय से भेंट कर गोल्डन कार्ड से जुड़ी चार प्रमुख समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई। संघ ने इन बिंदुओं पर कार्मिकों की भावनाओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर मंत्रिमंडल के समक्ष निर्णय के लिए प्रस्तुत करने का अनुरोध किया।
इस दौरान सचिवालय संघ ने कहा कि गोल्डन कार्ड से जुड़ी समस्याओं के चलते प्रदेश के कार्मिकों, अधिकारियों और उनके आश्रितों को उपचार कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिमाह अंशदान की कटौती होने के बावजूद उन्हें समुचित उपचार की सुविधा नहीं मिल पा रही है। संघ ने इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सचिव स्वास्थ्य ने दिया सकारात्मक आश्वासन
सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय ने सचिवालय संघ की कार्यकारिणी को आश्वस्त किया कि गोल्डन कार्ड से संबंधित सभी चार बिंदुओं पर अपेक्षित प्रस्ताव शीघ्र ही मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव को अंतिम रूप देने से पहले सचिवालय संघ की कार्यकारिणी के साथ चर्चा की जाएगी तथा संघ को विश्वास में लेकर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने गोल्डन कार्ड की मौजूदा कमियों को दूर करने और कार्मिकों की समस्याओं का समाधान करने का पूर्ण आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि निकट भविष्य में मंत्रिमंडल से अपेक्षित निर्णय होने के बाद इस प्रकरण का समुचित निराकरण कर दिया जाएगा।
कार्मिकों के हित में शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध
सचिवालय संघ की कार्यकारिणी ने इस महत्वपूर्ण प्रकरण में व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्मिकों की भावनाओं के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने का पुनः अनुरोध किया। संघ ने उम्मीद जताई कि गोल्डन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान होने से प्रदेश के कार्मिकों, अधिकारियों और उनके आश्रितों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस दौरान सचिवालय संघ की कार्यकारिणी ने सकारात्मक आश्वासन देने के लिए सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय का आभार व्यक्त किया।

