बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मुख्यमंत्री धामी ने किया हवाई सर्वेक्षण और स्थलीय निरीक्षण
बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मुख्यमंत्री धामी ने किया हवाई सर्वेक्षण और स्थलीय निरीक्षण
प्रभावित किसानों से मिले मुख्यमंत्री, नुकसान का आकलन कर जल्द राहत देने के अधिकारियों को निर्देश
बाजपुर। बाजपुर क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल प्रभावित क्षेत्र का रुख किया। मुख्यमंत्री ने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर से ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और बाजपुर पहुंचकर खेतों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार अपराह्न करीब 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक भीषण ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। संयोगवश मुख्यमंत्री धामी उस समय हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। जैसे ही उन्हें ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिली, उन्होंने खराब मौसम की परिस्थितियों के बीच पायलट को हेलीकॉप्टर बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जा सके।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान की स्थिति देखी। इसके बाद बाजपुर में उतरकर प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर फसलों को हुए नुकसान, उनकी समस्याओं और आर्थिक कठिनाइयों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
नुकसान का आकलन प्राथमिकता से करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। नुकसान के आकलन और राहत वितरण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को होने वाली परेशानी को सरकार गंभीरता से ले रही है। किसानों की मेहनत और उनकी आजीविका की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित किसानों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए और सर्वेक्षण से लेकर राहत संबंधी कार्रवाई तक पूरी तत्परता बरती जाए।
मुख्यमंत्री के इस त्वरित दौरे से प्रभावित किसानों को राहत की उम्मीद जगी है। अब प्रशासन के सामने ओलावृष्टि से हुए नुकसान का सही आकलन कर प्रभावित किसानों तक नियमानुसार सहायता पहुंचाने की जिम्मेदारी है।

